नशा तस्करों पर शिमला पुलिस का शिकंजा, 14.48 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए 5 आरोपी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 02:38 PM (IST)

Shimla News: राजधानी शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बालूगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग छापेमारी में कुल 14.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की है। इस सिलसिले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप शहर में कहां से आ रही थी।

पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध घूम रहा था युवक

पहला मामला एचआरटीसी पेट्रोल पंप का है। सोमवार देर रात, बालूगंज पुलिस की एक टीम एचआरटीसी पेट्रोल पंप के आसपास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक पर संदेह हुआ। पूछताछ और तलाशी लेने पर युवक की पहचान अविनाश चौहान उर्फ अंकू के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

कैथू में चार युवकों पर दबिश

अगली कार्रवाई मंगलवार तड़के अंजाम दी गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैथू स्थित कोमली बैंक के समीप छापा मारा। इस दौरान चार युवक शुभम ठाकुर, आयुष ठाकुर, विपुल ठाकुर और यश पाल ठाकुरपुलिस के हत्थे चढ़े। तलाशी लेने पर इनके पास से 7.780 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इन चारों के खिलाफ धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पकड़े गए आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। एसएसपी शिमला, गौरव सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि, "नशा माफिया के खिलाफ हमारी मुहिम जारी रहेगी। ये आरोपी नशा कहाँ से ला रहे थे और किसे बेचने वाले थे, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।" पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशे के किसी भी सौदागर को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News