हिमाचल पुलिस ने पकड़ी 288 ग्राम चिट्टे की खेप, 20 से 25 लाख रुपए कीमत! हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 12:07 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरैंस अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस के स्पैशल सैल ने आईएसबीटी शिमला में दबिश देकर एक अंतर्राज्यीय तस्कर को 288 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए नशे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 से  25 लाख रुपए आंकी जा रही है। इस गिरफ्तारी को ड्रग्स सप्लाई चेन तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम आईएसबीटी क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थी। इसी बीच मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि बस स्टैंड के फर्स्ट फ्लोर पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और उसके कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा है। अंदेशा था कि वह वहां किसी ग्राहक को डिलीवरी देने का इंतजार कर रहा है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और मौके पर दबिश दी। खाकी को अचानक सामने देखकर आरोपी घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। शक के आधार पर जब उसके कैरी बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 288 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने तुरंत नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 42 वर्षीय शमशाद अहमद के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला का रहने वाला है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बड़े सिंडिकेट का हिस्सा होने का शक, खंगाले जा रहे तार
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश में नशे की सप्लाई चेन को मजबूत करने के इरादे से आया था। पुलिस को शक है कि वह किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा है। अब पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वह यह खेप कहां से लाया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News