Mandi: बड़ा देव कमरूनाग को दिया अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महाेत्सव का पहला ''न्यून्द्रा'', 14 फरवरी को होगा आगमन
punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 05:13 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी के ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के लिए औपचारिक निमंत्रण प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनपद के आराध्य देव और बड़ा देव के रूप में पूजनीय कमरूनाग जी को आज महोत्सव का पहला निमंत्रण (न्यून्द्रा) प्रदान किया गया। महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की ओर से भेजा गया यह निमंत्रण उपमंडलाधिकारी (गोहर) देवी लाल ने धन्यारा के गौत गांव स्थित देवता की कोठी में जाकर विधिवत सौंपा।
मंडी कलम शैली में तैयार किए विशेष निमंत्रण
शिवरात्रि महोत्सव की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष कुल 216 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। इस बार के निमंत्रण पत्रों में विशेष कलात्मकता का समावेश किया गया है। सभी देवी-देवताओं को मंडी कलम शैली में तैयार किए गए विशेष निमंत्रण पत्र भेंट किए जाएंगे। इसी कड़ी में बड़ा देव कमरूनाग को भी इसी पारंपरिक शैली में तैयार किया गया प्रथम न्यून्द्रा दिया गया है।
14 फरवरी को होगा आगमन के साथ हाेगा महोत्सव का शंखनाद
शिवरात्रि महोत्सव में बड़ा देव कमरूनाग के आगमन का विशेष महत्व है। उनके और भगवान माधव राय के भव्य मिलन के पश्चात ही महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठान विधिवत शुरू होते हैं। देवता के कारदारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 14 फरवरी को बड़ा देव कमरूनाग मंडी पहुंचेंगे। शहर के प्रवेश द्वार पर उनके पारंपरिक स्वागत के साथ ही महोत्सव के कार्य और रौनक शुरू हो जाएगी।
पुलघराट में स्वागत समिति करेगी देव कमरूनाग का स्वागत
14 फरवरी को मंडी पहुंचने पर पुलघराट में स्वागत समिति द्वारा देव कमरूनाग का विधिवत स्वागत किया जाएगा। इसके बाद श्री माधव राय मंदिर में उपायुक्त अपूर्व देवगन उनका स्वागत करेंगे, जहां बड़ा देव और माधव राय का मिलन होगा। तत्पश्चात, राज परिवार द्वारा पारंपरिक स्वागत के बाद देव कमरूनाग टारना स्थित माता श्यामाकाली मंदिर में विश्राम करेंगे और महोत्सव के समापन तक वहीं विराजमान रहेंगे। अन्य देवी-देवता भी मंडी पहुंचकर सबसे पहले माधव राय के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।

