Mandi: कांग्रेस का ध्यान मित्रों को उपकृत करने और उनके घर भरने पर : जयराम

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 05:04 PM (IST)

मंडी (रजनीश): यदि सरकार ने समय पर पंचायत चुनाव कराए होते, तो आज गांवों में विकास कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे होते। सरकार ने आपदा का बहाना बनाकर चुनावों को टाला, लेकिन त्रासदी के 9 माह बीत जाने के बाद भी राहत और पुनर्निर्माण कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। ये बातें वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के प्रवास के दौरान छतरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान केवल अपने मित्रों को उपकृत करने और उनके घर भरने पर है। सत्ता के लिए पार्टी के कर्मठ नेताओं तक की बलि दी जा रही है। कांग्रेस के लिए सत्ता केवल सुख का साधन है, जबकि भाजपा के लिए यह सेवा का माध्यम है। जयराम ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज ग्रामीण क्षेत्रों में विकास पूरी तरह ठप्प हो गया है। कांग्रेस के व्यवस्था परिवर्तन के नारे पर तंज कसते हुए जयराम ठाकुर ने इसे व्यवस्था पतन की संज्ञा दी।

सरकार की सुस्ती के कारण पंचायतों में बंद पड़े हैं काम
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार मदद मिल रही है, लेकिन प्रदेश सरकार की सुस्ती के कारण पंचायतों में काम बंद पड़े हैं। सरकार की मंशा पर अब उच्च न्यायालय भी सवाल उठा चुका है, फिर भी सत्तासीन लोग मनमानी कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सड़कें आज भी मलबे से अटी पड़ी हैं तथा पेयजल योजनाएं ध्वस्त हैं और बिजली के खम्भों तक की मुरम्मत नहीं की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News