हिमाचल के सभी 134 कालेजों की होगी रैंकिंग : रोहित
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 06:57 PM (IST)
मंडी (रजनीश): शिक्षा विभाग अब प्रदेश के सभी 134 राजकीय कालेजों की रैंकिंग करेगा और इस प्रक्रिया को इसी माह से शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह जानकारी राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में वीरवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के केवल 34 कालेज ही राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) के अंतर्गत आते हैं तथा बाकी कालेजों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग ने अपनी रैंकिंग प्रणाली विकसित की है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में 21वें स्थान से उछलकर अब 5वें स्थान पर पहुंच गया है। सकल नामांकन में उच्चतर शिक्षा में दाखिले के मामले में हिमाचल 43 प्रतिशत की दर के साथ देशभर में दूसरे स्थान पर काबिज है।
394 नए पद भरने की जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
रोहित ठाकुर ने नियुक्तियों का ब्यौरा देते हुए कहा कि वर्ष 2023 में 484 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 394 नए पदों को भरने की स्वीकृति मिल चुकी है, जिनकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कालेज कैडर में पदोन्नति के माध्यम से 103 प्राचार्य नियुक्त किए गए हैं। स्कूल स्तर पर शिक्षा विभाग में कुल 7,000 नियुक्तियां की जा चुकी हैं और 4,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। इसमें जेबीटी के 1,800 और टीजीटी के 937 पद शामिल हैं।

