Kangra News: चंद मिनटों की देरी और हो जाता बड़ा हादसा! देहरा में ढाबे में भड़की आग, संचालक झुलसा
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 04:03 PM (IST)
देहरा (सेठी): कांगड़ा जिले के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-503) पर ग्राम पंचायत लोअर सुनहेत के दियाड़ा स्थित एक ढाबे में शनिवार को अचानक आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में ढाबा संचालक आग की चपेट में आकर झुलस गया। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा और जानलेवा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढाबे में खाना बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव का अंदेशा हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर ढाबे और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और बिना कोई देरी किए फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फुर्ती दिखाते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। उनका कहना था कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आग गैस सिलैंडर तक पहुंच सकती थी। सिलैंडर फटने की स्थिति में एक भयंकर विस्फोट होता, जिससे आसपास की दुकानों और लोगों के जानमाल को भारी नुक्सान पहुंच सकता था। उधर, आग बुझाने और बचाव के प्रयास में ढाबा संचालक झुलस गया, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है और उपचार जारी है।
गैस एजैंसी मैनेजर ने किया निरीक्षण, बताई आग लगने की असल वजह
घटना की सूचना मिलने के बाद आकाश गैस एजैंसी के मैनेजर अश्वनी पुरी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रारंभिक अंदेशों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि आग गैस सिलैंडर के रिसाव से नहीं, बल्कि भट्टी के आसपास गिरे तेल में लगी थी। उन्होंने ढाबा संचालकों को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए गैस सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

