Mandi: सूखे से त्रस्त किसान पहुंचे बड़ा देव कमरुनाग के दरबार, बारिश की लगाई गुहार
punjabkesari.in Thursday, Dec 25, 2025 - 07:35 PM (IST)
गोहर (ख्यालीराम): लंबे समय से चले आ रहे सूखे के प्रकोप से राहत पाने के लिए गुरुवार को 2 दर्जन से अधिक पंचायतों के किसान बड़ा देव कमरुनाग की शरण में पहुंचे। गोहर के समीप कुफरीधार में आयोजित कमरुनाग के एक दिवसीय मेले में आधा दर्जन से अधिक स्थानीय देवताओं और सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में बड़ा देव कमरुनाग से बारिश की गुहार लगाई गई। किसानों का कहना है कि उन्हें देवता के प्रत्यक्ष प्रमाण पर सदियों से विश्वास है, लेकिन लगातार सूखे के कारण खेत-खलिहान, मवेशियों और यहां तक कि मानव स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है, जिससे वे बेहद परेशान हैं।
इस सूखे के संकट के बीच देव परंपरा के अनुसार बड़ा देव कमरुनाग की गूर टोली में 'परता प्रक्रिया' (अग्नि परीक्षा) एक बार फिर शुरू हो गई है। वर्तमान गूर देवी सिंह द्वारा लगाई गई गुहार के बाद अब उनकी गद्दी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। गूर देवी सिंह ने सैंकड़ों लोगों की उपस्थिति में कमरुनाग के समक्ष अंतिम धूप देकर शुक्रवार सुबह 7 बजे तक बारिश व बर्फबारी की गुहार लगाई है।
परंपरा के अनुसार यदि शुक्रवार सुबह 7 बजे तक बारिश नहीं होती है तो वर्तमान गूर को गद्दी छोड़नी पड़ सकती है। इसके बाद सुबह 8 बजे से पूर्व में रहे अन्य गूर क्रमानुसार परता प्रक्रिया के तहत देवता के समक्ष धूप देकर बारिश की गुहार लगाएंगे। देव नियम के मुताबिक जिस भी व्यक्ति का 'परता' साकार होगा (यानी जिसकी पुकार पर बारिश होगी), उसे ही गूर की गद्दी पर विराजमान किया जाएगा।

