मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिल्वर रंग की कार से 690 ग्राम चरस बरामद; चंडीगढ़ के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 05:24 PM (IST)

Mandi News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद करते हुए चंडीगढ़ के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 690 ग्राम चरस बरामद हुई है।

690 ग्राम चरस बरामद

पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई सुंदरनगर के हरा बाग क्षेत्र में नियमित यातायात जांच के दौरान की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार में सवार दो व्यक्तियों के पास से 690 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चंडीगढ़ सेक्टर-22,  निवासी निखिल वर्मा (32 ) और तरनदीप सिंह ओबेरोई (34), निवासी सेक्टर-22ए, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है। एसपी साक्षी वर्मा ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News