Mandi: सीमित संसाधनों में भी नही मानी हार, किसान की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर फहराया सफलता का परचम
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 05:34 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी जिला के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हटली इलाके के मनवाना गांव की बेटी भानु प्रिया ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भानु प्रिया ने राष्ट्रीय परीक्षण एजैंसी द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित जेआरएफ परीक्षा 2025 में वाणिज्य विषय में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मेहनतकश किसान की बेटी ने पेश की मिसाल
भानु प्रिया एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता जगदीश चंद शर्मा पेशे से किसान हैं और माता मंजुला शर्मा एक कुशल गृहिणी हैं। घर में संसाधनों की सीमितता होने के बावजूद भानु प्रिया ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम और अटूट लगन से यह मुकाम हासिल कर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और दृढ़ संकल्प से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
सरकारी स्कूलों और कॉलेज से तय किया कामयाबी का सफर
भानु प्रिया की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक का सफर ग्रामीण परिवेश के सरकारी शिक्षण संस्थानों से जुड़ा रहा है। उन्होंने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खनोट से पूरी की, जबकि 12वीं की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्द्वाड़ा से हासिल की। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बल्द्वाड़ा से बी.कॉम और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से एम.कॉम की डिग्री हासिल की।
कठिन स्वाध्याय और गुरुजनों का मार्गदर्शन बना जीत का मंत्र
अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय भानु प्रिया ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन और अपने निरंतर स्वाध्याय को दिया है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अगर मन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन हो तो दुनिया का कोई भी कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल करना असंभव नहीं है।

