हिमाचल में कांग्रेस पार्टी के सत्तासीन होते ही कर्मचारियों की पैंशन होगी बहाल : इन्द्रदत्त लखनपाल
punjabkesari.in Tuesday, Mar 01, 2022 - 03:36 PM (IST)

हमीरपुर/बड़सर (ब्यूरो): बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने मंगलबार को मैहरे विश्रामगृह में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जयराम सरकार का 4 वर्ष का कार्यकाल विफलता से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश भर की विधानसभाओं में नाममात्र के विकासात्मक कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री केवल मंडी जिला के 2 विधानसभा क्षेत्रों सराज व धर्मपुर के ही मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। लखनपाल ने मुख्यमत्री पर कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि जयराम ठाकुर इन दिनों हिटलर की भांति तानाशाह रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक प्रणाली वाला देश है, इस देश में हर एक व्यक्ति को अपने हकों की लड़ाई लड़ने का पूर्ण अधिकार है बावजूद इसके मुख्यमंत्री प्रदेश के कर्मचारियों की मांगों को पूरा करना तो दूर की बात उलटा कर्मचारियों को डराने व धमकाने पर उतारू हो गए हैं जोकि भाजपा सरकार की गुंडागर्दी व तानाशाही के कृत्य को दर्शाता है जोकि निंदनीय तो है ही साथ ही दुर्भाग्यपूर्ण भी है।
मुख्यमंत्री का बड़सर दौरा न होने से विकासात्मक कार्य धूल फांकने को मजबूर
कर्मचारियों का पक्ष लेते हुए लखनपाल ने कहा कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी यदि बहुमत से सरकार बनाती है तो कर्मचारियों की पैंशन बहाल करना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश की भाजपा सरकार पिछले साढ़े 4 वर्षों में किसी नए विकास कार्य को तो नहीं करवा पाई है लेकिन कांग्रेस सरकार के समय में करवाए गए विकासात्मक कार्य भी मुख्यमंत्री का बड़सर दौरा न होने के चलते धूल फांकने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा बालक नाथ मन्दिर में बनाया गया 10 करोड़ की लागत से लंगर भवन, आयुर्वैदिक अस्पताल बिझड़ी का भवन, सडकें व पुलों को बने 3 से 4 वर्ष का समय बीत चुका है लेकिन बिना उद्घाटन के वे आज भी सफेद हाथी बनकर खड़े हैं। हालांकि विधानसभा सत्रों व निजी तौर पर कई बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बड़सर आने का न्यौता दिया गया लेकिन वे भी तक बड़सर का दौरा नहीं कर पाए हैं।
बड़सर में खाली पोस्टों को भरने में नाकाम रही सरकार
लखनपाल ने कहा कि विधानसभा सत्र चल रहा है जिसमें बड़सर की समास्याओं व मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार न जाने बड़सर के साथ सौतेला व्यवहार क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़सर में भाजपा नेताओं की अंतर्कलह के चलते बड़सर विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी हो रही है, जिसके चलते बड़सर के महाविद्यालयों में छात्रों के लिए खेल का मैदान तक नहीं बना पाई है। राजकीय महाविद्यालय बडसर में खाली पोस्टों को भरने में भी सरकार नाकाम साबित हुई है, वहीं आयुर्वैदिक डिस्पैंसरी टिक्कर राजपुतां, दलचेहडा व चम्बेह में 4 वर्षों में जयराम सरकार डाॅक्टर, फार्मासिस्ट व चपरासी की पोस्टें तक नहीं भर सकी है। विधायक लखनपाल ने जयराम सरकार के साथ-साथ बड़सर भाजपा नेताओं व अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि जल जीवन मिशन के तहत 196 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं लेकिन इसमें भी अधिकारियों व नेताओं द्वारा मात्र अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नेता व अधिकारी पाइपों को लेकर बन्दरबांट कर रहे हैं जो निंदनीय ही नहीं बल्कि शर्मनाक कृत्य है।
भाजपा नेताओं की अंतर्कलह के चलते नहीं आना चाहते मुख्यमंत्री
इसके जबाव में विधायक लखनपाल ने कहा कि बड़सर में भाजपा नेताओं की लाइन लम्बी है। इन्हीं नेताओं की अंतर्कलह के चलते शायद मुख्यमंत्री यहां नहीं आना चाहते लेकिन मैंने कई बार मुख्यमंत्री को बड़सर आने का न्यौता दिया है लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री ने कोई कॉल नहीं की है। हमारी प्रवृति ये है कि मुख्यमंत्री बड़सर आएं तो उनका तहेदिल से स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री भाजपा के ही मुख्यमंत्री नहीं है बल्कि वे पूरे हिमाचल प्रदेश के मुख्यंमंत्री हैं। वे यहां आएंगे तो बड़सर में करोड़ों रुपए से हुए विकासात्मक कार्यों का लोकार्पण हो सकेगा, जिससे लोगों को सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। प्रैस वार्ता में ब्लॉक अध्यक्ष केवल धीमान, परमजीत शर्मा उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, रूबल ठाकुर एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव, मनजीत ठाकुर व अश्विनी शर्मा मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here