Una News: घास में छिपे सांप ने डसा...महिला को नहीं लगी भनक, फिर अचानक बिगड़ी तबीयत और चली गई जान
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 06:52 PM (IST)
गगरेट (बृज): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के अंतर्गत आते दियोली गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सांप ने डस लिया। दुर्भाग्यवश, डसने के समय महिला को इसका आभास नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल सका और उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दियोली गांव के वार्ड नंबर-1 की रहने वाली 75 वर्षीय विमला देवी पत्नी जोगिंदर सिंह सोमवार को अपने घर के पास उगी घास साफ कर रही थीं। इसी दौरान घास में छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। काम में व्यस्त होने के कारण वृद्धा को सांप के काटने का बिल्कुल भी एहसास नहीं हुआ और वह अपना काम खत्म करके सामान्य रूप से घर लौट आईं।
परिजनों के अनुसार दिनभर सामान्य रहने के बाद रात को अचानक विमला देवी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। लक्षण देखकर परिजनों को आशंका हुई कि उन्हें किसी जहरीले सांप या कीड़े ने डस लिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए पंजाब के होशियारपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। इलाके के पूर्व पंचायत समिति सदस्य अनिल डझवाल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें जल्द से जल्द फौरी राहत और उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

