Una: खेतों में घास काट रही दिव्यांग महिला पर टूट पड़ा सांड...सींगों पर उठाकर पटका, 52 टांके लगे
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 06:32 PM (IST)
जोल (नरेन्द्र): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत धुसाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर-5 में खेतों में घूम रहे सांड ने घास काट रही एक दिव्यांग महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सांड ने महिला को सींगों पर उठाकर पटक दिया। महिला के शरीर पर करीब 52 टांके लगाए गए हैं और वह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन है।
प्रवासी युवक ने बचाई जान
जानकारी के अनुसार धुसाड़ा निवासी अंजू बाला पत्नी रवि राकेश शुक्रवार शाम को खेतों में घास काट रही थी। अंजू बाला को सुनने में भी परेशानी है। इस दौरान पीछे से खेतों में घूम रहा सांड अचानक उसके पास पहुंचा और हमला कर दिया। सांड ने महिला को सींगों पर उठा लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिस समय सांड ने अंजू बाला पर हमला किया, उस दौरान पास के खेतों में आलू की फसल को पानी दे रहे प्रवासी युवक दिलीप कुमार की नजर उन पर पड़ी। उसने साहस दिखाते हुए सांड के चंगुल से महिला को छुड़ाया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य भी खेतों की ओर दौड़े। परिजन आनन-फानन में अंजू बाला को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। शरीर पर गंभीर चोटों के चलते उन्हें करीब 52 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गरीब परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़
अंजू बाला के पति रवि राकेश ने बताया कि उनके परिवार में वह स्वयं, उनकी पत्नी और बेटा दिव्यांग हैं, जबकि केवल उनकी बेटी ही स्वस्थ है। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और पत्नी के घायल होने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उसने प्रशासन से मांग की है कि गांवों और खेतों में खुलेआम घूम रहे सांडों को पकड़ कर गऊशालाओं में पहुंचाया जाए। यदि समय रहते बेसहारा पशुओं पर लगाम नहीं लगाई गई तो किसी अन्य व्यक्ति की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

