हिमाचल के डॉ. टेक चंद भंडारी ने बढ़ाया देश का मान, मिला ''भारत-भूटान शांति रत्न अवार्ड''

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 01:14 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (अमिता): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की प्रतिभाएं लगातार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में जोगिंद्रनगर उपमंडल के भराडू पंचायत के गडूहीं गांव के रहने वाले डॉ. टेक चंद भंडारी को भूटान में प्रतिष्ठित भारत-भूटान शांति रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।

थिम्पू में हुआ अंतर्राष्ट्रीय शांति सम्मेलन
जानकारी के अनुसार भूटान की राजधानी थिम्पू में समरसता मंच द्वारा भारत-भूटान शांति सम्मेलन एवं विचार प्रस्तुतिकरण समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, सांस्कृतिक समरसता और मानवीय एकता की भावना को वैश्विक स्तर पर मजबूत करना था। इस अंतर्राष्ट्रीय समारोह में भारत और भूटान के विभिन्न राज्यों से 35 विशिष्ट प्रतिभाओं का चयन किया गया था, जिनमें डॉ. टेक चंद भंडारी भी शामिल रहे।

शिक्षा, खेल और पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
डॉ. टेक चंद भंडारी को यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए दिया गया है। उन्होंने शिक्षा, खेल, सामाजिक कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य किया है। डॉ. भंडारी लंबे समय से जनहित और समाज सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिसके चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच पर सम्मानित किया गया।

अब तक जीत चुके हैं 99 सम्मान, 5 सितम्बर को मिलेगा शिक्षा ज्योति अवार्ड
डॉ. टेक चंद भंडारी के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि भारत-भूटान शांति रत्न अवार्ड प्राप्त करने के बाद उन्हें अब तक मिले कुल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवार्ड्स की संख्या 99 हो गई है। उपलब्धियों का यह सिलसिला यहीं रुकने वाला नहीं है। आगामी 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के विशेष अवसर पर डॉ. टेक चंद भंडारी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए शिक्षा ज्योति अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News