Mandi: लहसुन की बिजाई करते-करते मोबाइल पर देखा फाइनल, भारत की जीत पर खेत में ही नाचे भावना ठाकुर के पिता

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 06:22 PM (IST)

गोहर (सतीश): एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय महिला कबड्डी टीम ईरान के खिलाफ जीत के लिए मैदान में पसीना बहा रही थी, वहीं टीम की स्टार खिलाड़ी भावना ठाकुर का परिवार खेतों में लहसुन की बिजाई करते हुए मोबाइल पर मुकाबला देख रहा था। जैसे ही भारत ने ईरान को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, भावना के परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खेत में ही परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जश्न मनाया।

भावना ठाकुर के परिवार के सभी सदस्य शनिवार सुबह लहसुन की बिजाई के लिए खेतों में पहुंच गए थे। काम के साथ-साथ मोबाइल फोन पर मैच का सीधा प्रसारण भी देखते रहे। गांव के कई अन्य लोग भी खेतों में काम करते हुए मुकाबले से जुड़े रहे। भावना की बड़ी बहन कांता देवी ने कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनकी बहन ने एक बार फिर अपने क्षेत्र, मंडी जिला, हिमाचल और देश का नाम रोशन किया है।

PunjabKesari

पंडोह के साथ लगता है बैला गांव, किसान परिवार में पली भावना
27 वर्षीय भावना ठाकुर मूल रूप से गोहर उपमंडल के बैला गांव की रहने वाली हैं, जो पंडोह के साथ लगता है। उनके पिता प्रेम सिंह किसान और माता दासी देवी गृहिणी हैं। भावना चार भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनकी बड़ी बहन कांता, उनसे छोटी पुष्पा और भाई दुनी चंद हैं। भावना की भाभी प्रोमिला देवी ने कहा कि भावना की उपलब्धि पर पूरा परिवार और क्षेत्र गौरवान्वित है।

हिमाचल की चार बेटियों समेत पूरी टीम को सीएम ने दी बधाई
मंडी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय कबड्डी टीम में शामिल हिमाचल की चारों बेटियों समेत पूरी टीम इंडिया को शानदार जीत की बधाई दी। उन्होंने जोगिंद्रनगर के सावन बरवाल को भी जीत के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पहुंचने पर सभी पदक विजेताओं का स्वागत किया जाएगा। नियमों के तहत सरकार की ओर से सभी को ईनामी राशि भी प्रदान की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News