Kangra: धर्मशाला में हुई चोरियों में पुलिस ने रिकवर किए चोरी के करीब 8 लाख के गहने व नकदी

punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 09:55 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): जिला मुख्यालय धर्मशाला के तहत हुई 3 बड़ी चोरियों में पुलिस ने शातिरों द्वारा चुराए गए करीब 8 लाख के गहनों व नकदी की राशि को रिकवर कर लिया है। इन मामलों में संलिप्त दाड़ी व झियोल के शातिरों ने चाेरी के गहनों को बेचकर ठिकाने लगाया था। इन सभी मामलों में पुलिस ने 2 चोरों को अपने शिकंजे में लेकर 8 लाख की रिकवरी कर ली है। वहीं पिछले सप्ताह ही शीला में 6 दुकानें ताले तोड़ने के बाद सकोह के पिंग्लेश्वर के पास 2 घरों में चोरी का प्रयास किया गया है। गौरतलब है कि धर्मशाला के बड़ोल व आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में शामिल 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्त में लिया था।

बड़ोल क्षेत्र में ही 3 चोरियों में शामिल 2 आरोपी, जिसमें दाड़ी के ही रहने वाले भीमसेन व झियोल के रहने वाले रॉबिन को धर्मशाला पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसमें दोनों ही शातिरों ने 3 मामलों में 10 लाख के करीब गहने व नकदी उड़ाई थी। चोर क्षेत्र में लगातार घूमते हुए रैकी करते थे और घर में किसी के न होने पर उस घर को चोरी के लिए निशाना बनाते थे। इस दौरान घर में रखे गहने-नकदी सहित महंगा सामान उड़ा ले जाते थे। इन मामलों में आरोपियों ने गहनों को बेचकर राशि प्राप्त कर ली थी।

उधर, पुलिस थाना धर्मशाला के एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि गहन जांच-पड़ताल पर चोरी मामलों में संलिप्त 2 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। उन्होंने बताया कि तीनों चोरियों के मामले में रिकवरी कर ली गई है और आगामी छानबीन चल रही है। उन्होंने बताया कि सकोह के पिंग्लेश्वर के पास चोरी का प्रयास किया गया है, जिसे लेकर पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News