Kangra: किताबों के नाम पर निजी स्कूल नहीं ले सकेंगे अब मनमाने दाम
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 06:43 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड नए शैक्षणिक सत्र से बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी निजी स्कूलों के द्वारा बच्चों से लिए जाने वाले किताबों के दामों को लेकर कड़े कदम उठाने जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि पहले भी निजी स्कूलों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि स्कूल केवल स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा बताई गई किताबों से ही बच्चों को पढ़ाएं। बोर्ड का कहना है कि बोर्ड की किताबें कम मूल्य में मिल जाती हैं तथा निजी स्कूलों को अन्य कोई भी किताब स्कूल में न पढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का कहना है कि हर साल इस प्रकार की बातें सुनने को मिलती है तथा इसे देखते हुए जल्द ही बोर्ड में इन विषयों को लेकर बैठक रखी जाएगी तथा सभी निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों को विस्तार से निर्देश जारी किए जाएंगे कि बच्चों के अभिभावकों पर किताबों आदि को लेकर अतिरिक्त बोझ न डाला जाए। डा. राजेश ने बताया कि इस संदर्भ में स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रदेश भर में निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण भी करेगा तथा यदि कोई भी स्कूल बोर्ड द्वारा बताई गई किताबों के अलावा अन्य कोई किताब को पढ़ाता हुआ पाया जाता है तो उक्त स्कूल व शिक्षक के खिलाफ बोर्ड कार्रवाई भी अमल में लाएगा।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के नंबर और अध्यक्ष को कर सकते हैं शिकायत
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि यदि इस बारे में कोई भी अभिभावक शिकायत करना चाहता है तो वह बोर्ड में फोन के माध्यम या अध्यक्ष की ई-मेल पर शिकायत कर सकता है। डा. राजेश ने बताया कि उक्त शिकायतकर्त्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

