Kangra: बैडमिंटन कोर्ट में आई मौत! खेलते-खेलते अचानक गिरा ठेकेदार, फिर उठा ही नहीं; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 11:22 AM (IST)
Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां के स्थानीय बचत भवन स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार सुबह बैडमिंटन खेल रहे 55 वर्षीय रवि राणा का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। पेशे से ठेकेदार रवि राणा चौबीन पंचायत के पट गांव के निवासी थे।
पानी पीते समय अचानक गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों और साथी खिलाड़ियों के अनुसार, रवि राणा अपनी दैनिक दिनचर्या के तहत सुबह करीब 5:30 बजे कोर्ट पर खेल रहे थे। एक गेम पूरा करने के बाद जब वह सुस्ताने के लिए कुर्सी पर बैठे और पानी पीने लगे, तभी वह अचानक एक ओर लुढ़क गए। उन्हें आनन-फानन में नागरिक अस्पताल बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गिरते समय उनके मुंह से रक्त भी निकला था।
खेल प्रेमी और सक्रिय व्यक्तित्व
रवि राणा इलाके के एक सक्रिय खिलाड़ी थे। उनके साथियों ने बताया कि वह नियमित रूप से योग और बैडमिंटन के जरिए खुद को फिट रखते थे। पिछले वर्ष आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव की बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी उन्होंने अपने शानदार खेल से सबका दिल जीता था। रवि राणा अपने पीछे पत्नी और एक बेटी छोड़ गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद महाकाल स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

