Kangra: घर नहीं पहुंचा सिहोटू का संदीप, खड्ड के पास पेड़ से लटका मिला शव, क्षेत्र में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 10:33 PM (IST)
डरोह (अजय): पुलिस स्टेशन भवारना के अंतर्गत नागनी चौक से 100 मीटर नीचे खड्ड में एक नौजवान का शव पेड़ से लटका मिला है। शिनाख्त के बाद शव की पहचान ग्राम पंचायत सिहोटू के निवासी संदीप कुमार (42) पुत्र बनवारी लाल के रूप में हुई। जानकारी अनुसार संदीप कुमार काफी समय से दिल्ली के किसी होटल में काम करता था। रविवार शाम को वह दिल्ली से घर आ रहा था। उसने थुरल से अपने घर फोन कर परिजनों को बताया था कि वह थुरल पहुंच गया है, और जल्दी ही घर पहुंच जाएगा। परिजन उसके घर आने का इंतजार करते रहे किन्तु वह रात भर घर नहीं पहुंचा।
इसके बाद परिजनों ने थाना भवारना में इसकी सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने युवक की लोकेशन जानने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की और स्कूलों व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। उधर, परिजन भी अपने स्तर पर रात से ही युवक की तलाश में जुटे रहे। सोमवार दोपहर बाद सूचना मिली कि नागनी क्षेत्र एक युवक का शव पेड़ से लटका पड़ा है। मौके पर परिजनों ने शव की पहचान संदीप के रूप में की।
5 किलोमीटर दूर नागनी की तरफ कैसे पहुंचा
घटनास्थल के पास युवक का बैग भी मिला, जिसमें कपड़े व अन्य सामान मौजूद था। जानकारी यह भी सामने आई है कि मृतक डरोह तक पहुंच गया था जहां उसने सब्जी व अन्य खरीददारी भी की थी, जिसकी ऑनलाइन पेमैंट की गई थी। सवाल यह है कि जब मृतक डरोह पहुंच गया तो दोबारा वह 5 किलोमीटर दूर नागनी की तरफ उस स्थान तक कैसे पहुंचा जहां उसका शव बरामद हुआ, क्योंकि उसका घर डरोह से महज 2 किलोमीटर दूर था। ऐसी क्या परिस्थितियां थी जिस कारण उसकी मौत हुई।
मामला आत्महत्या का नहीं
मौके की स्थिति को देखते हुए मामला आत्महत्या का नहीं लग रहा है। युवक जिस सफेद कपड़े से बंधा मिला है, वह नया प्रतीत हो रहा है, जिससे घटनास्थल पर उसे इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस पूरे मामले को लूट और हत्या के नजरिए से भी देखा जा रहा है।
फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल पर जुटाए साक्ष्य
धर्मशाला से पहुंची फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल पर शव व उसके आसपास के क्षेत्र की गहनता से जांच कर साक्ष्य जुटाए। भवारना पुलिस ने परिजनों के बयान कलमबद्ध कर मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया जिसका आज पोस्टमार्टम होगा। युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं जिस कारण दहशत का माहौल बना हुआ है।
बच्चे अपने पापा का घर पहुंचने का करते रहे इंतजार
मृतक संदीप का एक बेटा अरुष जिसकी आयु 14 वर्ष व एक बेटी यशिका जिसकी आयु 9 वर्ष है से बहुत प्यार करता था। जब वह दिल्ली से आ रहा था तो बच्चों से बात की थी। दोनों बच्चे अपने पापा के घर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उन्हें क्या पता था कि उनके पापा कि उनसे यह अंतिम बात थी और कभी नहीं मिल पाएंगे। मृतक का बेटा आरुष जब पिता के शव के पास दौड़ता हुआ पहुंचा तो उधर ही फफक फफक कर रोने लगा। बेटी अपनी मां की गोद में बैठी रो रही थी।
मृतक के गांव का हर व्यक्ति यही बोल रहा था कि वह मिलनसार और शरीफ व्यक्ति था। यह सब कैसे हुआ यह एक बड़ा प्रश्न बन गया है। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। मौके पर फोरैंसिक टीम को बुलाया गया है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। फोरैंसिक तथ्यों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारणों का पता चलेगा।

