Kangra: स्कूल बस व बाइक की टक्कर में घायल युवक ने तोड़ा दम, दूसरे का इलाज जारी

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 04:47 PM (IST)

राजा का तालाब (योगेश) : पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत आते क्षेत्र चूहे का तालाब के नजदीक वीरवार शाम निजी स्कूल बस और बाइक की टक्कर में घायल 2 युवाओं में से एक ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार खेहर निवासी आशुतोष ठाकुर उर्फ अंशू पुत्र बलकार सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर अपने एक अन्य साथी कर्ण सिंह के साथ वीरवार शाम लगभग 5 बजे फतेहपुर से खेहर की ओर से आ रहे थे। इस दौरान रैहन की तरफ से जा रही एक निजी स्कूल बस, जोकि सड़क क्रॉस कर चुकी थी, के पिछले हिस्से के साथ अचानक उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, परन्तु स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अन्य जगह रैफर कर दिया। इसके चलते परिजन पठानकोट स्थित निजी अस्पताल में ले गए। इसी बीच उपचार के दौरान बाइक चालक आशुतोष ठाकुर उर्फ अंशू की शुक्रवार को मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे बैठे कर्ण सिंह की टांग में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रैहन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News