Kangra: जम्मू के लिए हिमाचल की बस सेवाएं बहाल, जानिए बसों की समयसारिणी

punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 10:23 PM (IST)

धर्मशाला (विवेक): एचआरटीसी मंडल जिला कांगड़ा के तहत आने वाले सभी बस डिपुओं से जम्मू क्षेत्र के लिए बस सुविधा एक बार फिर से बहाल कर दी गई है। पिछले 4 दिनों से जम्मू के लिए शुरू ये बस सेवाएं अब निगम जारी रखेगा। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी मंडल जिला कांगड़ा-चम्बा के बस डिपो पालमपुर से जम्मू के लिए 2, नगरोटा बगवां से 2, धर्मशाला से 1 और पठानकोट बस डिपो से 2 एचआरटीसी बसों द्वारा यात्रियों को सुविधा प्रदान की जाती है। हालांकि जिला चम्बा के चम्बा डिपो से भी चम्बा से जम्मू-कटरा के लिए बस सुविधा है लेकिन यह बस आजकल बंद चल रही है।

बता दें कि जम्मू -कठुआ राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले दिनों भारी बारिश और नदियों में आई भारी बाढ़ से प्रभावित रहा। कठुआ जिले के कालीबाड़ी के पास सेहर खड्ड पर बने पुल का एक पिल्लर धंस गया था जिस कारण जम्मू-कठुआ के बीच चलने वाले वाहनों को दूसरे पुल से गुजरने दिया गया। इसी तरह साम्बा के निकट बसंतर नाले में पुल को नुक्सान हुआ लेकिन बाढ़ का पानी उतरने पर उसे ठीक कर दिया गया। मौजूदा समय में लखनपुर और जम्मू के बीच यात्री एवं मालवाहक वाहन चल रहे हैं। जिस स्थान पर पुल का पिल्लर बैठा था उसे बंद कर साथ बने दूसरे पुल से वाहनों को आने-जाने दिया जा रहा है। जम्मू-लखनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियां जाम में अक्सर फंस रही हैं और धीमी गति से यातायात चल रहा है।

यह है बसों की समयसारिणी

बस डिपो- बस- बस रूट-  समयसारिणी

पालमपुर- ऑर्डिनरी-पालमपुर से जम्मू -सुबह 4.30 बजे

पालमपुर- ऑर्डिनरी-पालमपुर से कटरा- सुबह 10.30 बजे

नगरोटा बगवां-ऑर्डिनरी- बैजनाथ से जम्मू- दोपहर 3.13 बजे

नगरोटा बगवां-ऑर्डिनरी-कुल्लू से जम्मू- सुबह 6.55 बजे

धर्मशाला- ऑर्डिनरी-धर्मशाला से उधमपुर- सुबह 9.40 बजे

पठानकोट-ऑर्डिनरी- शिमला से कटरा- शाम 4.10 बजे

पठानकोट- ऑर्डिनरी- दियोटसिद्ध से कटरा- सुबह 4.40 बजे

पंकज चड्ढा, डीएम एचआरटीसी मंडल कांगड़ा-चम्बा का कहना है कि एचआरटीसी मंडल द्वारा सभी बस डिपुओं से जम्मू के लिए एचआरटीसी बस सुविधा पुन: शुरू कर दी गई है। यात्रियों की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए निगम सदैव तत्पर है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News