Kangra: शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने CM सुक्खू को सौंपा बोर्ड में सुधारों का ब्लूप्रिंट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 08:07 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने नई दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को प्रदेश की आगामी शैक्षिक नीतियों और बोर्ड की कार्यप्रणाली में होने वाले बड़े बदलावों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ हुई इस विस्तृत चर्चा में डा. राजेश ने शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का विजन सांझा किया। मुलाकात के दौरान डा. राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को बोर्ड द्वारा हाल ही में शुरू किए गए नवाचारों और प्रशासनिक सुधारों से अवगत करवाया।

उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने, मूल्यांकन प्रक्रिया को सटीक करने और परिणामों को समयबद्ध घोषित करने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा बोर्ड के इन प्रयासों की सराहना की और छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए व्यवस्था परिवर्तन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बोर्ड अध्यक्ष को निर्देशित किया कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस दौर में बोर्ड की सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और यूजर फ्रैंडली बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों को प्रमाण पत्र, माइग्रेशन या अन्य सुधारों के लिए धर्मशाला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार अनिवार्य है। बोर्ड अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि बोर्ड जल्द ही कई सेवाओं को वन क्लिक पर उपलब्ध करवाने जा रहा है। बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजामों को लेकर भी चर्चा हुई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News