Kangra: सप्लीमैंट्री परीक्षाओं को नकलमुक्त बनाने के लिए शिक्षा बोर्ड मुस्तैद

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 10:43 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही मैट्रिक और जमा-2 की सप्लीमैंट्री परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी जरूरी कड़े इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षाओं को पूरी तरह से नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए कमर कस ली है। शिक्षा बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि किसी भी स्तर पर परीक्षा की शुचिता प्रभावित न हो। शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं को साफ-सुथरे ढंग से पूरा करवाने के लिए आम जनता से भी सहयोग मांगा है। यदि किसी भी नागरिक, अभिभावक या समाज के व्यक्ति को किसी परीक्षा केंद्र पर नकल होने या किसी अन्य प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत इसकी सूचना शिक्षा बोर्ड प्रबंधन को दे सकते हैं।

बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तुरंत कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों, पर्चियों या नकल जैसी गैर-कानूनी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें। छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के, पूरे अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपनी परीक्षा दें। कड़ी मेहनत और ईमानदारी से दी गई परीक्षा ही भविष्य में वास्तविक सफलता का आधार बनती है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि मैट्रिक और जमा-2 की अनुपूरक परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए बोर्ड ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। परीक्षार्थी बिना किसी तनाव और डर के ईमानदारी से परीक्षा में शामिल हों। इसके साथ ही, यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या किसी अन्य अनियमितता की बात सामने आती है, तो आमजन इसकी सूचना तुरंत बोर्ड को दें। सूचना देने वाले की गोपनीयता बरकरार रखी जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News