Himachal: कांगड़ा में 5 प्राइमरी और 1 मिडल स्कूल पर लटके ताले, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 11:37 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): प्रदेश सरकार की नई मर्जर नीति के तहत कम छात्र संख्या वाले सरकारी स्कूलों पर ताले लटकने का सिलसिला तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार जिला कांगड़ा के 5 राजकीय प्राथमिक स्कूल और एक मिडल स्कूल को पूरी तरह बंद कर नजदीकी संस्थानों में विलय (मर्ज) करने के लिखित आदेश जारी हो चुके हैं। इस सरकारी सूची के सामने आने के बाद जहां प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों में चिंता और परेशानी बढ़ गई है, वहीं दूरदराज के इलाकों में बच्चों की पढ़ाई छूटने के डर से स्थानीय जनता में रोष का माहौल है।
आधिकारिक सूची के अनुसार फतेहपुर ब्लॉक के जीपीएस बांकेहर को अब नजदीकी जीपीएस सुनेट में मर्ज कर दिया गया है। इसी तरह धीरा ब्लॉक के जीपीएस चरखड़ा का विलय जीसीपीएस धोरण में और थुरल ब्लॉक के जीपीएस डगेरा का विलय जीपीएस घरेला में किया गया है। रक्कड़ ब्लॉक के जीपीएस जुराही को जीपीसीएस भरोली कोहला के साथ जोड़ा गया है, जबकि बैजनाथ ब्लॉक के जीसीपीएस नागेहर को जीपीएस खोपा में मर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा पालमपुर ब्लॉक के एक मिडल स्कूल यानी जीएमएस बडसर का वजूद भी अब खत्म हो गया है, जिसका विलय जीएसएसएस जिया में कर दिया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
उपनिदेशक उच्च शिक्षा, जिला कांगड़ा अजय सम्ब्याल ने बताया कि नियमों और सरकार की नीति के तहत ही कम छात्र संख्या वाले संस्थानों को नजदीकी स्कूलों में मर्ज किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा के स्तर को सुधारना और उपलब्ध संसाधनों तथा स्टाफ का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। जिन बच्चों के स्कूल मर्ज हुए हैं, उन्हें नजदीकी स्कूलों में बेहतर माहौल और सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि किसी की भी पढ़ाई प्रभावित न हो।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

