Kangra: दीवाली पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, कर्मचारियों की छुट्टियां होंगी रद्द

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 10:47 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): दीवाली के त्यौहार के मद्देनजर अग्निशमन विभाग धर्मशाला ने आग की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाने की तैयारी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके लिए कर्मचारियों की 12-12 घंटे की विशेष शिफ्टों में ड्यूटियां लगाने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि इस संबंध में उच्च अधिकारियों के औपचारिक निर्देश आने बाकी हैं।

धर्मशाला स्थित मुख्य अग्निशमन केंद्र में अधिकारियों सहित कुल 22 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात है। केंद्र में 23 हाईड्रैंट, दो वाटर टैंडर और दो छोटे वाहन उपलब्ध हैं। विभाग ने वाहनों और उपकरणों को दुरुस्त करने के साथ जिले के प्रमुख स्थानों पर स्थापित हाईड्रैंट की जांच भी पूरी कर ली है। इसके अलावा जिले के सभी उप अग्निशमन केंद्रों और फायर चौकियों के कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगजनी की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके।

आग से बचाव के लिए तैयारियां पूरी
अग्निशमन विभाग ने आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार दीवाली के दौरान पटाखों और अन्य कारणों से आग लगने की आशंका को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क रहेगा। कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही अग्निशमन वाहनों और उपकरणों को भी तैयार रखा गया है।

उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद होगा फैसला : राजेश
अग्निशमन विभाग धर्मशाला के फायर ऑफिसर राजेश गुप्ता ने बताया कि दीवाली के दौरान हर साल की तरह इस बार भी कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाई जाएगी। हालांकि, इस संबंध में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद विस्तृत निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों, उपकरणों और हाईड्रैंट की जांच पूरी कर ली गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News