Kangra: डीएलएड परीक्षाओं में नकल रोकने को बोर्ड सख्त, सीसीटीवी से निगरानी
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:47 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी अक्तूबर-नवम्बर में होने वाली डिप्लोमा इन एलीमैंटरी एजुकेशन परीक्षाओं को लेकर कड़े निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल या नियमों की अनदेखी पाई गई तो उस केंद्र की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी। प्रदेशभर में बनाए गए 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सभी केंद्रों को रिकॉर्डिंग कम से कम 6 महीने तक सुरक्षित रखनी होगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि निरीक्षण के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग या परीक्षा स्टाफ द्वारा छात्रों की मदद करने का कोई भी मामला सामने आया तो केवल परीक्षार्थियों पर ही नहीं, बल्कि संबंधित केंद्र और वहां तैनात कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में किसी संस्थान को परीक्षा केंद्र बनाना या न बनाना पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि उन्होंने मौजूदा परीक्षाओं को कितनी अनुशासन और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया है। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से परीक्षा की गरिमा बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने की अपील की है।

