HPBOSE ने खोला फीस का पोर्टल, इस तारीख से पहले जमा करवाएं फीस नहीं तो लगेगा जुर्माना

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 06:41 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 की परीक्षाओं में बैठने वाले उन छात्रों की बकाया 'शॉर्ट कैंडिडेट' फीस जमा करने के लिए ऑनलाइन लिंक खोल दिया है, जिनकी फीस अभी तक बोर्ड के पास जमा नहीं हो पाई है। सभी स्कूलों को उनकी स्कूल लॉगइन आई.डी. पर यह लिंक उपलब्ध करवा दिया गया है, ताकि वे समय रहते फीस जमा कर सकें। स्कूलों के पास 30 अप्रैल 2026 तक का समय है कि वे बिना किसी अतिरिक्त जुर्माने (लेट फीस) के यह बकाया राशि जमा करवा दें। यदि स्कूल इस समय सीमा के भीतर फीस जमा नहीं करते हैं तो 1 मई से जुर्माना लगना शुरू हो जाएगा।

1 मई से 15 मई के बीच फीस जमा करने पर 1,000 रुपए प्रति कक्षा और 16 मई से 31 मई के बीच जमा करने पर 2,000 रुपए प्रति कक्षा अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। बोर्ड ने सख्त चेतावनी दी है कि 31 मई के बाद भी लापरवाही बरतने वाले संस्थानों को 5,000 रुपए प्रति कक्षा का भारी जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके साथ ही निर्धारित समय के बाद फीस जमा करने पर बोर्ड के सक्षम अधिकारी कठोर प्रशासनिक कार्रवाई भी कर सकते हैं। सभी स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करें, ताकि छात्रों या स्कूल पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि स्कूलों के पास 30 अप्रैल तक बिना किसी जुर्माने के बकाया फीस जमा करने का सुनहरा मौका है। सभी स्कूल अपनी लॉगइन आई.डी. चेक करें और इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करें। यदि 30 अप्रैल के बाद फीस जमा की जाती है तो संस्थानों को विलंब शुल्क देना होगा। हम चाहते हैं कि स्कूल प्रबंधन समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि उन पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News