छात्रों को फर्जीवाड़े से बचाने के लिए HPBOSE का बड़ा कदम, देश-विदेश के मान्यता प्राप्त संस्थानों की नई सूची वैबसाइट पर अपलोड

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 10:26 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने उच्च शिक्षा में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को फर्जी और गैर-मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों से बचाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने देश-विदेश के मान्यता प्राप्त और समकक्ष शिक्षा बोर्डों, विश्वविद्यालयों और ओपन स्कूलों की अपडेटेड सूची अपनी आधिकारिक वैबसाइट पर जारी कर दी है। इस सूची का मुख्य उद्देश्य दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित करना है। अक्सर देखा जाता है कि छात्र अन्य राज्यों या फर्जी संस्थानों के प्रमाण-पत्रों के आधार पर कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले लेते हैं, जिससे बाद में उनकी डिग्री खतरे में पड़ जाती है। इसी समस्या से निपटने के लिए बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल प्रमाण-पत्र हाथ में होने से उसकी वैधता साबित नहीं होती। 

वैबसाइट पर उपलब्ध इस सूची में विभिन्न राज्यों के बोर्डों, स्टेट ओपन स्कूलों, नैशनल ओपन स्कूल और विदेशी शैक्षणिक बोर्डों की परीक्षाओं की समकक्षता का पूरा विवरण दिया गया है। शिक्षा बोर्ड के नियमों के तहत किसी भी बाहरी बोर्ड की समकक्षता इक्विवेलैंस कमेटी की सिफारिशों और जांच-परख के बाद ही तय की जाती है। इसमें संस्थान की कानूनी स्थिति, पाठ्यक्रम और नियमों का गहनता से परीक्षण किया जाता है। बोर्ड ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या मौखिक दावों पर भरोसा करने के बजाय केवल बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सूची से ही किसी भी संस्थान की मान्यता की पुष्टि करें।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि सही प्रमाण-पत्र, सही जानकारी और सही समय पर सत्यापन ही विद्यार्थी के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। छात्र और अभिभावक फर्जीवाड़े से बचने के लिए दाखिले से पहले बोर्ड की वैबसाइट पर उपलब्ध अपडेटेड लिस्ट अवश्य देख लें। संस्थानों को भी हिदायत दी गई है कि वे प्रमाण-पत्रों की जांच के बाद ही प्रवेश दें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News