Kangra News: पहले पुराने कपड़ों में लगाई आग...फिर खुद लपटों में घिर गई महिला! टांडा अस्पताल में तोड़ा दम

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 09:45 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा जिले के भवारना थाना क्षेत्र के तहत आते उसतरेड़-मनसिंबल में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 43 वर्षीय महिला की आग में झुलसने के कारण उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममता शर्मा के रूप में हुई है। महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह की है। ममता शर्मा सुबह के समय अपने पुराने घर गई हुई थी। वहां उसने पुराने कंबल और कपड़ों को एक जगह इकट्ठा किया और उनमें आग लगा दी। इसी बीच वह खुद भी अचानक आग की भयंकर लपटों की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई। पुराने घर से धुआं उठता देख स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को आनन-फानन में उपचार के लिए पालमपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) रैफर कर दिया। टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया है कि महिला लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और उसका बाकायदा इलाज भी चल रहा था। परिजनों ने इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की साजिश या संदेह व्यक्त नहीं किया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की औपचारिक जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News