Kangra News: स्कूल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया SOS 10वीं और 12वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण का परिणाम
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 08:18 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय के उन हजारों परीक्षार्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है, जिन्होंने मार्च में आयोजित 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के बाद पुनर्मूल्यांकन या पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इन परीक्षाओं का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संशोधित परिणाम को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है। जिन छात्रों ने अपने पहले के अंकों से असंतुष्ट होकर पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनर्निरीक्षण के लिए फॉर्म भरा था, वे अब बिना किसी परेशानी के घर बैठे अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
छात्रों को परिणाम देखने या समझने में किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए बोर्ड द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। बोर्ड ने विशेष हैल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क करके छात्र अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से विशेष आग्रह किया है कि वे अपना संशोधित परिणाम केवल हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर ही जांचें। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना और अफवाहों पर बिल्कुल भी विश्वास न करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

