Kangra: 14वें दलाईलामा को अर्पित की गई दीर्घायु प्रार्थना
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:42 PM (IST)
धर्मशाला (नितिन): तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाईलामा को बुधवार को मैक्लोडगंज स्थित मुख्य तिब्बती मंदिर में सैंट्रल दोखाम चुशी गंगद्रुक और हिमालयन बौद्ध सांस्कृतिक संघ की ओर से पारंपरिक दीर्घायु प्रार्थना अर्पित की गई। धार्मिक अनुष्ठान द्रोलकर त्से-जिन यिशिन खोरलो विधि के अनुसार संपन्न हुआ। सुबह करीब 8:15 बजे दलाईलामा अपने आवास से मुख्य मंदिर पहुंचे, जहां विभिन्न बौद्ध परंपराओं के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ भिक्षुओं और आयोजकों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।
इस दौरान पारंपरिक परिधानों और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर में श्रद्धा व आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। समारोह की शुरूआत कुंदेलिंग रिनपोछे द्वारा औपचारिक प्रार्थना एवं मंडल अर्पण से की गई। इस अवसर पर दलाईलामा को बुद्ध प्रतिमाएं, दीर्घायु कलश, शुभ प्रतीक एवं धार्मिक वस्तुएं भेंट की गईं। करीब 22 प्रमुख प्रायोजकों और प्रतिनिधियों ने भी व्यक्तिगत रूप से दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह के अंत में आयोजक संस्थाओं ने दलाईलामा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किए।

