Kangra: जीतकर लौटी दिल्ली कैपिटल्स, धर्मशाला पहुंचे मुंबई इंडियंस
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 09:09 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल मुकाबला जीतने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गई। 14 मई को पंजाब के साथ होने वाले मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम धर्मशाला पहुंच गई। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे दिल्ली कैपिटल्स की टीम गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंची। करीब 2 बजे मुंबई इंडियंस की टीम विशेष विमान से गग्गल हवाई अड्डे पर उतरी।
इस दौरान मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों को देखने के लिए प्रशंसकों की खूब भीड़ उमड़ी। कड़ी सुरक्षा के बीच खिलाड़ियों को बसों में बैठकर मैक्लोडगंज के होटल में लाया गया। मुंबई की टीम के खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए प्रशंसक सुबह से हवाई अड्डे पर डटे रहे। खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 14 मई को आईपीएल का मुकाबला खेला जाएगा। मुंबई की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर है।
पंजाब व मुम्बई की टीमों ने किया अभ्यास
पंजाब के कैप्टन श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह, शंशाक सिंह व हरप्रीत बराड़ सहित कई खिलाड़ियों ने मंगलवार को अभ्यास किया है। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी भी धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचे। दोनों टीमों का अभ्यास सत्र शाम को 6 से 9 बजे तक किया गया। खिलाड़ियों ने मैदान में पहुंचकर अपना रूटीन वार्मअप व नैट प्रैक्टिस में भी पसीना बहाया है। धर्मशाला में होने वाले मुकाबले पंजाब के लिए अहम होंगे। मुंबई के लिए भी अपने नाम को बनाए रखने का दबाव जरूर होगा।

