Kangra: 31 मई को होगी डीएलएड प्रवेश परीक्षा, 4 अप्रैल से करें ऑनलाइन आवेदन
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 07:52 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा करने के इच्छुक युवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए कॉमन एंट्रैंस टैस्ट का शैड्यूल जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 4 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो उम्मीदवार इस समय सीमा में फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उन्हें 500 रुपए लेट फीस के साथ 29 अप्रैल तक मौका दिया जाएगा। इसके बाद 31 मई को प्रदेशभर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके रोल नंबर परीक्षा से चार दिन पहले उपलब्ध होंगे।
सामान्य वर्ग के लिए 900 रुपए और आरक्षित वर्गों के लिए 600 रुपए शुल्क तय किया गया है। इसके साथ ही बोर्ड ने उन छात्रों के लिए भी आवेदन खोल दिए हैं जिनकी पार्ट-I या पार्ट-II में री-अपीयर आई है। ऐसे छात्र 16 अप्रैल तक अपने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से 1350 रुपए शुल्क जमा करवाकर आवेदन कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि एंट्रैंस टैस्ट और री-अपीयर परीक्षाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। 31 मई को होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए सुधार खिड़की 30 अप्रैल से 2 मई तक खुलेगी, लेकिन श्रेणी में बदलाव के लिए अभ्यर्थियों को स्वयं बोर्ड कार्यालय आना होगा। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करें ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

