110 किलोमीटर पैदल यात्रा कर शिवरात्रि में पहुंचेंगे देव मगरू महादेव
punjabkesari.in Friday, Feb 25, 2022 - 11:02 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (ख्यालीराम): मंडी जनपद के आराध्य देव मगरू महादेव अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि की शोभा बढ़ाने के लिए अपनी मूल कोठी छतरी से शुक्रवार को करीब 150 हारियानों के साथ रवाना हो गए हैं। देव मगरू भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं तथा शिवरात्रि के मेले इनके ही नाम पर मनाए जाने की परंपरा रही है। देवता के मुख्य देव कारदार सुरेंद्र कुमार राणा ने बताया कि 110 किलोमीटर पैदल दूरी तय कर देव अपने देवलुओं और कारकूनों के साथ 1 मार्च को शिवरात्रि महोत्सव में पहुंचेंगे।
पहले देवता शिवरात्रि मेले के लिए फर्श पर मूलीमुख सुशोभित होकर बल्ह के बैहना तक निकलते थे और वहां से अपने रथ का रूप धारण कर मंडी पहुंचते थे लेकिन अब देवता मूलकोठी से ही रथ के रूप में शिरकत करेंगे। रियासत काल में मगरू महादेव का रुतबा माधोराय के समान था और शिवरात्रि पर राज देवता माधोराय के साथ मगरू महादेव का चित्र भी साथ चस्पा होता था। देव कारदार सुरेंद्र राणा ने बताया कि पूर्व में राजशाही समाप्त होने के बाद मगरू महादेव ने 50 साल तक शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत नहीं की थी और प्रशासन व सर्व देवता समिति के आग्रह पर देव मगरू महादेव शिवरात्रि में शिरकत करने पहुंचे थे। वह एकमात्र ऐसे देवता हैं जो देव चपलान्दू के बाद 110 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय कर छोटी काशी में पहुंचते हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here