Kangra: दामाद के साथ बाइक पर जा रही थी सास...रास्ते में हुआ हादसा, टांडा अस्पताल में तोड़ा दम
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:33 PM (IST)
कांगड़ा (कालड़ा): जिला कांगड़ा में बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इन पशुओं के कारण न केवल सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं। इसी कड़ी में योल पुलिस चौकी के अंतर्गत एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बेसहारा पशु को बचाने के चक्कर में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 27 अप्रैल को तारा देवी (56) निवासी जतेड़ (डाकखाना योल) अपने दामाद के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रही थी। तपोवन के पास अचानक बेसहारा पशु सड़क पर आ गए। पशुओं को बचाने की कोशिश में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर स्किड हो गई, जिससे तारा देवी और उनके दामाद सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घायलों को तुरंत उपचार के लिए धर्मशाला अस्पताल ले जाया गया। वहां तारा देवी के सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रैफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तारा देवी ने दम तोड़ दिया। योल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है।

