भयानक हादसा: कार ने साइकिल काे मारी टक्कर, किशोर की मौत...दूसरा गंभीर घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 06:33 PM (IST)

हरोली (दत्ता): ऊना जिले के उपमंडल हरोली के अंतर्गत आते गांव घालूवाल में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार और साइकिल की टक्कर में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का उपचार ऊना अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद घालूवाल मुख्य चौक से हरोली की ओर जा रही एक कार ने साइकिल सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। हादसे के तुरंत बाद मानवता दिखाते हुए कार चालक ने ही दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में डाला और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान नन्हें (15) पुत्र चंद्रपाल, निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे घायल किशोर की पहचान मनोज कुमार (13) पुत्र हेमसिंह, निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी के प्रभारी गुरध्यान शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हरोली थाना के प्रभारी सुनील संख्यान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News