अबू धाबी में हुए ड्रोन हमले में हिमाचल के शख्स की मौत, बुझा घर का चिराग; परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 12:33 PM (IST)
Iran-USA War : जिला ऊना के गांव मजारा के निवासी जसविन्द्र सिंह (52) की अबू धाबी में ड्रोन हमले में मौत हो गई है। जसविन्द्र पिछले कई वर्षों से विदेश में ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे। यह दुखद हादसा उस समय पेश आया जब वह कार्यस्थल के समीप एक क्षेत्र में फोन पर बातचीत कर रहे थे। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीते वीरवार सुबह करीब 5:00 बजे की है। जसविन्द्र सिंह एक प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक ईरानी ड्रोन हमला हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि जसविन्द्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले की तीव्रता के कारण उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उन्होंने घटनास्थल पर ही प्राण त्याग दिए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।
गांव में मातम का माहौल
बता दें कि जसविन्द्र सिंह उर्फ शम्मी लंबे समय से विदेश में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। वह कुछ समय पहले ही घर से छुट्टियां बिताकर वापस काम पर लौटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव मजारा में शोक की लहर दौड़ गई है। एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "हमें मामले की जानकारी मिली है। प्रशासन लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।"

