ऊना में भीषण सड़क हादसा, LPG गैस टैंकर और 2 टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:23 AM (IST)
Una Road Accident : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के संतोषगढ़ क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, इस हादसे में तीनों चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, हादसा संतोखगढ़ पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह संतोखगढ़ पुल पर एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर ही फंस गए थे। स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तोड़कर चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए संतोखगढ़ पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
देश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

