हिमाचल में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ महाअभियान का आगाज, पहले दिन 1970 किशोरियों को लगा HPV टीका
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 07:14 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में किशोरियों को घातक सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का सफलतापूर्वक शुभारंभ हो गया है। प्रदेश भर के 333 केंद्रों पर आयोजित सत्रों में पहले ही दिन 1970 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। शिमला में भी यह अभियान व्यापक स्तर पर शुरू हुआ। जिले में स्थापित 39 कोल्ड चेन पॉइंट्स (सीसीपी) के माध्यम से कुल 217 किशोरियों को टीके की पहली खुराक दी गई। हालांकि, जिले के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण लाभार्थियों की संख्या पर थोड़ा असर पड़ा, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की मुस्तैदी से सत्रों का संचालन सुचारू रहा।
कौन हैं पात्र लाभार्थी?
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस टीकाकरण के लिए पात्रता मानदंड के तहत आयु सीमा 14 वर्ष (पूर्ण) से लेकर 15 वर्ष और 90 दिन तक की लड़कियां पात्र हैं। इसका उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी से संबंधित अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना।
इन दिनों होगा आगामी टीकाकरण सत्र
सीएमओ शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने इस पहल को सफल बनाने के लिए समुदाय से सहयोग की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे पात्र किशोरियों को प्रेरित करें ताकि कोई भी इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे। अभियान के अगले चरणों के तहत 5 अप्रैल व 12 अप्रैल को टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिन्हित कोल्ड चेन पॉइंट पर जाकर पात्रता की जांच करें और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें।

