दर्दनाक हादसा : आंगन में बैठी महिलाओं पर गिरी कार, 2 की मौत

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2020 - 11:28 PM (IST)

घर पर चल रही सेवानिवृत्ति की पार्टी के समय हुआ हादसा
शिमला (जस्टा):
जिला शिमला के धामी के तहत आने वाले क्षेत्र शकराह में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई है, वहीं 2 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनका आईजीएमसी.में उपचार चल रहा है। हादसे में मौत का शिकार हुई महिलाओं की पहचान गांव खुमारी डाकघर कोहबाग की रहने वाली 47 वर्षीय विमला देवी व 49 वर्षीय बीना देवी के तौर पर हुई है। वहीं घायल हुई दोनों महिलाएं 27 वर्षीय ज्योति व 48 वर्षीय कमला देवी गांव शकराह की रहने वाली हैं। इन दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक चायली निवासी रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त महिलाएं शकराह के रहने वाले बेली राम की सेवानिवृत्ति पार्टी में आईं थीं और बेलीराम की रिश्तेदार बताई जा रही हैं।

हुआ यह कि पार्टी से वापस जा रही एक कार जिसमें 3 लोग बैठे थे, सड़क से अनियंत्रित होकर बाहर हुई और आंगन में बैठी महिलाओं के ऊपर गिर गई। कार (एचपी 52-0272) रमेश नामक व्यक्ति चल रहा था। हादसा होते ही पार्टी में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तभी लोगों ने कार के नीचे से महिलाओं को बाहर निकला और अस्पताल पहुंचाया लेकिन अस्पताल पहुंचाते ही 2 महिलाओं को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान सेवानिवृत्ति पार्टी की खुशियों का माहौल एकदम मातम में बदल गया। कार में चालक सहित 3 लोग सवार थे। हालांकि उन्हें भी हल्की चोटें आई हैं।

पुुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम करवा लिया है और शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चालक से पूछताछ जारी है। जल्द ही इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह हादसा कैसे हुआ है। इसका पुलिस पता लगा रही है। गाड़ी में बैठे तीनों लोग शराब के नशे में तो नहीं थे पुलिस इसका पता लगा रही है। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस दुर्घटना को लेकर आईपीसी की धाराओं 279, 337 व 304 ए के तहत केस दर्ज किया है। मामले की पुष्टि एएसपी शिमला प्रवीर ठाकुर ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News