हिमाचल में भयानक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार...2 युवकों की मौके पर ही मौत
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 10:00 AM (IST)
Chamba Road Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
100 मीटर गहरी खाई गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के उपमंडल भरमौर की तहसील होली के लामू–हीलिंग मार्ग पर हुआ। मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष) तथा संजू राम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कार पर सवार होकर देर रात हीलिंग से अपने घर की और लौट रहे थे, तभी लामू–हीलिंग मार्ग पर स्थित हीलिंग नाले के समीप उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटना स्थल पर एकत्र हो गए और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया।
इलाके में पसरा मातम
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम छा गया है। दोनों मृतक विवाहित थे।

