Solan: चंडीगढ़ में स्टार अवार्ड से सम्मानित हाेंगे क्योरटेक ग्रुप के एमडी सुमित सिंगला

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 07:16 PM (IST)

बीबीएन (ठाकुर): चंडीगढ़ रोटरी ब्लड बैंक सोसायटी रिसोर्स सैंटर की ओर से आगामी 22 फरवरी को वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सैक्टर-26, चंडीगढ़ में होगा, जिसमें चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस समारोह में क्योरटेक ग्रुप के एमडी एवं अमित सिंगला सोशल वैल्फेयर सोसायटी के संस्थापक सुमित सिंगला को उनकी उल्लेखनीय समाजसेवा और नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन के लिए प्रतिष्ठित स्टार अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

 

क्योरटेक ग्रुप की ओर से हर साल 500 से अधिक रक्तदाता उपलब्ध करवाए जाते हैं। वर्ष 2009 से अब तक सिंगला के नेतृत्व में 35 रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। खास बात यह है कि ये शिविर उनके पिता और भाई की याद में वर्ष में 4 निर्धारित तिथियों (22 जनवरी, 8 अप्रैल, 22 जुलाई और 21 नवम्बर) पर आयोजित होते हैं। इसके अलावा, डेंगू जैसी महामारियों के दौरान मांग आने पर तत्काल अतिरिक्त शिविर भी लगाए जाते हैं।

सुमित सिंगला का योगदान सिर्फ रक्तदान तक सीमित नहीं है। उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 30 से अधिक बच्चों को गोद लिया है, जिनकी देखरेख का पूरा खर्च वे स्वयं उठाते हैं। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में जरूरतमंद गरीब कन्याओं के विवाह करवाना, गौ सेवा और वृक्षारोपण जैसे कार्य उनकी दिनचर्या का हिस्सा हैं। सुमित सिंगला का मानना है कि पूर्वजों और माता-पिता की सेवा के बिना जीवन में तरक्की संभव नहीं है और समाजसेवा उन्हें आत्मिक संतोष प्रदान करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News