Solan: अवैध चीड़ की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 12:23 PM (IST)

बीबीएन (शेर सिंह): नालागढ़ के तहत पंजैहरा-नवांग्राम मार्ग पर पुलिस ने अवैध चीड़ की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी और मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी दभोटा की पुलिस टीम द्वारा रात को पंजैहरा-नवांग्राम मार्ग पर गांव पटेढ़ फल्लु के समीप नाकाबंदी एवं वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पंजैहरा की ओर से आ रही पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। 

तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने उक्त पिकअप वाहन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही चीड़ की लकड़ी के 30 नग बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान चालक नरेश कुमार निवासी गांव खोबला, डाकघर नंड, तहसील नालागढ़, नानक चंद निवासी गांव सौरी, डाकघर कुंडलू, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई जबकि एक अन्य नाबालिग था। 

पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन तथा अवैध चीड़ की लकड़ी को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News