चंडीगढ़ में THAR सवारों की गुंडागर्दी! स्टंट करने पर टोका तो सोलन के युवक पर तलवार से किया हमला
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 12:06 PM (IST)
चंडीगढ़/सोलन: चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में थार जीप से स्टंट करने का विरोध करना एक छात्र को भारी पड़ गया। स्टंट कर रहे युवकों ने डीएवी कॉलेज के छात्र पर तलवार और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घायल छात्र की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन निवासी अभ्युदय सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कीचड़ उछलने पर हुआ था विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में अभ्युदय ने बताया कि वह अपने दोस्त नकुल, अनमोल, आरव और शौर्य के साथ लेजर वैली की कच्ची पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान एक थार चालक वहां पार्किंग एरिया में तेज गति से गाड़ी ड्रिफ्ट कर रहा था। स्टंट के कारण अभ्युदय और उसके दोस्तों पर कीचड़ गिर गया। जब उन्होंने हाथ से इशारा कर इसका विरोध किया, तो चालक रुकने के बजाय और भी तेजी से ड्रिफ्टिंग करने लगा।
डिग्गी से निकाली तलवार, बुलाए अन्य साथी
थोड़ी देर बाद थार चालक ने गाड़ी रोकी और डिग्गी से तलवार निकालकर लहराते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच अभ्युदय का एक अन्य दोस्त, व्योम दीक्षित, अपनी इनोवा गाड़ी से वहां पहुंच गया। थार चालक इसके बाद भी नहीं माना और फिर से स्टंट करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि दो अन्य गाड़ियों में 8 से 10 युवक वहां आ पहुंचे।
कार का दरवाजा खोलकर किया हमला, सोने की चेन भी गिरी
हमलावरों ने व्योम की गाड़ी का दरवाजा खोलकर छात्रों पर धावा बोल दिया। शिकायत के अनुसार गौरव नामक युवक ने अभ्युदय के बाएं हाथ पर तलवार से वार किया, जबकि लववीर ने उस पर लात-मुक्कों की बरसात कर दी। इस हिंसक हाथापाई के दौरान अभ्युदय की तीन तोले की सोने की चेन भी टूटकर कहीं गिर गई।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में अभ्युदय को उसके दोस्त नकुल और शौर्य ने तुरंत सेक्टर-16 स्थित अस्पताल (जीएमएसएच-16) पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभ्युदय की शिकायत पर मुख्य आरोपी गौरव, लववीर और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

