सदन में जोरशोर से गूंजा चयन आयोग में भ्रष्टाचार का मामला, सत्तापक्ष ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना
punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2023 - 09:14 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में हुए भ्रष्टाचार व अनियमिताओं का मामला बुधवार को सदन में जोरशोर से गूंजा। विधायक केवल सिंह पठानिया, सुरेश कुमार, अजय सोलंकी और मलेंद्र राजन ने नियम-130 के तहत प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा गत वर्षों में की गई तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की भर्ती प्रकिया में हुए भ्रष्टचार व अनियमिताओं का मामला सदन में उठाया। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जिनके संरक्षण में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में कई पेपर लीक हुए। इसके साथ ही सैंट्रल यूनिवर्सिटी, हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी और नौणी यूनिवर्सिटी में मैरिट की अनदेखी करते हुए नियुक्तियां की गईं। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्टाचार के कारण बेरोजगार युवाओं का इन भर्ती एजैंसियों के ऊपर से विश्वास उठ गया है। इस विश्वास को दोबारा स्थापित करना होगा और पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर भर्तियां करवाई जाएं।
पूर्व सरकार ने अपने लोगों के लिए नौकरियों के दरवाजे खोले : चंद्रशेखर
विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में पूर्व सरकार ने अपने लोगों के लिए नौकरियों के दरवाजे खोले। अपनों में भी वे लोग शािमल थे, जिनकी जेब गर्म थी। सत्तादल के नेताओं की शय पर यह काम हुआ। आयोग में तैनात कर्मचारी परिवार सहित पेपर बेचने में लगे रहे। यह उनका फैमिली बिजनैस बन गया। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि जो लोग इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। वह सलाखों के पीछे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस पेपर लीक केस को गंभीरता से लिया जाए। इसके साथ फर्जी डिग्री केस की जांच सीबीआई से करवाई जाए। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि आयोग में जो भ्रष्टाचार हुआ,वह किसकी छत्रछाया में हुआ, इसकी जांच की जानी चाहिए। इसके साथ ही संस्थान की विश्वसनीयता बहाल होनी चाहिए। विधायक भवानी सिंह पठानिया और आशीष शर्मा ने भी हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालयों में हुई नियुक्तियों की हो जांच : अवस्थी
विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय, एचपीयू और नौणी विश्वविद्यालय में हुई नियुक्तियां की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग में हुआ भ्रष्टचार शर्मिंगदी का विषय है। इससे पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ है।
एमए वालों को पढ़ा रहा बीए पास
विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि पूर्व सरकार पुलिस पेपर लीक केस को गंभीरता से लेती तो अन्य घोटाले रु क सकते थे। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ की जो मछलिया पौग डैम में डाली गईं, उनको कौन खा गया। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में भर्तियों के तहत इस कदर धांधलियां हुई हैं कि बीए पास शिक्षक एमए के छात्रों को पढ़ा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here