विधायक आशा कुमारी बोलीं, सत्ता में आते ही कांग्रेस बहाल करेगी पुरानी पैंशन स्कीम

punjabkesari.in Tuesday, Feb 08, 2022 - 05:32 PM (IST)

चम्बा (काकू): टीम एन.पी.एस.ई.ए. विधायक के द्वार अंतिम बार के तहत एन.पी.एस. कर्मचारी महासंघ खंड बनीखेत की टीम पुरानी पैंशन बहाली को लेकर डल्हौजी की विधायक आशा कुमारी के साथ जंदरीघाट में मिली। टीम की अगुवाई संघ के जिला अध्यक्ष सुनील जरयाल ने की। इस मौके पर सर्वेयर यूनियन के जिला अध्यक्ष दीपक भगवालिया, राजकीय अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष हरी प्रसाद शर्मा, एन.पी.एस.ई. प्रदेश प्रवक्ता ओम आजाद, राज्य महिला विंग उपाध्यक्ष सुषमा चौहान, महिला विंग जिला अध्यक्ष रचना महाजन आदि उपस्थित रहे। विधायक आशा कुमारी ने कहा हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पैंशन बहाल की जाएगी। एन.पी.एस. कर्मचारियों की इस मांग को वह विधानसभा में उठाएंगी।

उन्होंने कहा कि अभी तक जयराम सरकार द्वारा कमेटी गठन और 2009 की अधिसूचना को लागू न करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। एन.पी.एस. कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष सुनील जरयाल ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने दृष्टि पत्र के वायदों को 4 साल में पूरा नहीं कर पाई है। बार-बार याद दिलाना पड़ रहा है कि 2009 की अधिसूचना और कमेटी की अधिसूचना जारी करे। उन्होंने कहा कि घोषणा करके सरकार भूल जाती है। पूर्व में भी 2003 से 2017 के बीच सेवानिवृत्त एन.पी.एस कर्मचारियों की ग्रैच्युटी को घोषणा के 11 महीनों बाद लागू किया गया था, जिसको लेकर महासंघ सैकड़ों बार मिला था। अगर बजट सत्र में पुरानी पैंशन योजना को लागू नहीं किया गया तो प्रदेश के 1 लाख एन.पी.एस. कर्मचारी शिमला जाकर सरकार का घेराव करेंगे। जिला चम्बा के सभी विधायकों से मिलकर एन.पी.एस. कर्मचारी पुरानी पैंशन बहाली को लेकर अंतिम बार आग्रह करेंगे। मांग पूरी न होने पर चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News