सेब पर आयात शुल्क घटाकर प्रदेश के बागवानों के साथ अन्याय कर रही केंद्र सरकार : प्रियंका गांधी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2023 - 05:18 PM (IST)

पंडोह (विशाल): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के बागवानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले आपदा प्रभावित देयरी गांव का दौरा करने बाद मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका से आयात होने वाले सेब पर आयात शुल्क 35 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है जोकि प्रदेश के बागवानों के साथ अन्याय है। अब अमेरिका का सेब सस्ता मिलेगा जबकि हिमाचल का सेब महंगा हो जाएगा और इससे यहां के सेब की खरीद भी कम हो जाएगी। प्रियंका ने केंद्र सरकार से इस शुल्क को दोबारा बढ़ाने की मांग उठाई है।
सड़कों, हाईवे और फोरलेन के नुक्सान की भरपाई करना केंद्र सरकार का दायित्व
प्रियंका ने कहा कि हिमाचल में उनका घर है और वे यहां अपनों का दुख बांटने आई हैं। प्रदेश सरकार प्रभावितों की हरसंभव मदद कर रही है लेकिन जो सड़कों, हाईवे और फोरलेन का नुक्सान हुआ है उसकी भरपाई करना केंद्र सरकार का दायित्व है। केंद्र सरकार भी प्रदेश को आर्थिक मदद मुहैया करवाए और इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी और भाजपा के अन्य नेता व प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिनके घर गिर गए उन्हें बसाएगी सरकार : सीएम
सीएम सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में इस आपदा के कारण जिन लोगों के घर पूरी तरह से टूट गए हैं उनके घर फिर से बनाने में प्रदेश सरकार अपने संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए पूरी मदद करेगी। इसके अलावा जिन लोगों के घरों को नुक्सान पहुंचा और जहां पर डंगे आदि लगाने की जरूरत है वे कार्य भी सरकार द्वारा ही किया जाएगा। इस संदर्भ में प्रियंका गांधी और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की तरफ से निर्देश भी प्राप्त हो गए हैं।
मोदी-मोदी करने वालों को पता चली मोदी की हकीकत : प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनावों के दौरान हिमाचल को अपना दूसरा घर कहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मदद क्यों नहीं कर रहे और क्यों इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान मोदी-मोदी करने वाली जनता को आज इनकी सच्चाई का पता चल चुका है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here