Shimla: प्रदेश के 386 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र होंगे अपग्रेड
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 06:01 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश के 153 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने के बाद अब शेष 386 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अपग्रेड करने का फैसला लिया गया है। संबंधित विभाग इसका प्रपोजल तैयार कर सरकार को भेज रहा है। सूत्रों की मानें तो इन मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों ने अपग्रेड के तय नियम और शर्तें पूरी कर ली हैं। 300 की जनसंख्या की शर्त भी इस दौरान पूरी की गई है और इसका रिकार्ड भी सभी जिलों से विभाग को भेजा गया है। ऐसे में अब विभाग इसका प्रपोजल तैयार करने में जुटा है, जिसके बाद इसे सरकार की मंजूरी को भेजा जाएगा और मंजूरी मिलते ही विभाग इन 386 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
बीते वर्ष सरकार ने 153 आंगनबाड़ी केंद्र अपग्रेड कर दिए हैं। ऐसे में अब स्पष्ट हो गया है कि ये केंद्र बंद नहीं होंगे और इनमें कार्यरत वर्कर्ज की नौकरी भी नहीं जाएगी बल्कि अब आंगनबाड़ी कें द्र अपग्रेड होने से इनमें हैल्पर्स की नियुक्तियां भी होंगी और वर्कर्ज का वेतन भी बढ़ेगा। गौर हो कि पहले केंद्र की ओर से निर्धारित नियम और शर्तें पूरा न करने वाले मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को 31 मार्च 2025 तक बंद करने के आदेश दिए थे। इससे उक्त केंद्रों में कार्यरत वर्कर्ज की नौकरी पर संकट आ गया था। हालांकि इस दौरान विभाग ने यह मामला केंद्र से उठाया और इन नियमों में छूट मांगी थी। साथ ही वर्कर्ज को निर्धारित नियम और शर्तें पूरा करने के भी आदेश दिए थे। इन केंद्रों के अपग्रेड होने के बाद प्रदेश में 18925 आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या भी बढ़ेगी। वर्तमान में 18925 केंद्र हैं जो अब 19464 हो जाएंगे।
539 केंद्रों में होंगी हैल्पर्स की नियुक्तियां
सूत्रों की मानें तो सरकार उक्त आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने के बाद सभी 539 केंद्रों में हैल्पर्स की नियुक्तियां करेगी। हालांकि अभी विभाग ने 153 केंद्रों को अपग्रेड कर दिया है लेकिन वहां हैल्पर्स की नियुक्तियां नहीं की गई हैं। इस समय वहां वर्कर्ज ही कार्य कर रही हैं। विभाग एक साथ इन केंद्रों में यह नियुक्तियां कर सकता है। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूलों से जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी प्री-स्कूलों से जोड़ा जाएगा। इन स्कूलों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। प्रदेश में पहली अप्रैल से 18925 आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूलों से जोड़ा जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सचिव आशीष सिंहमार का कहना है कि प्रदेश की शेष 386 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने का मामला सरकार को भेजा जा रहा है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इन्हें अपग्रेड करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।