Shimla : करोड़ों की भूमि हड़पने का आरोप, SSP को शिकायत पत्र सौंपकर लगाई न्याय की गुहार

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 01:12 PM (IST)

शिमला (संतोष) : राजधानी शिमला में करोड़ों रुपए के भूमि विवाद, न्यायालय के नाम के कथित दुरुपयोग और धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले को लेकर चौपाल उपमंडल की ग्राम पंचायत जोड़ना के निवासी प्रदीप कुमार ने शनिवार को एसएसपी शिमला गौरव सिंह को एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में संदीप कुमार, उनकी पत्नी रेखा, पुत्र वंश लूथरा और सहयोगी लवप्रीत के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष आपराधिक जांच की मांग की गई है। एसएसपी शिमला ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उच्च न्यायालय की न्यायिक प्रक्रिया का कथित दुरुपयोग करते हुए भ्रामक समाचार और व्हाट्सएप संदेश तैयार कर प्रसारित किया गया, जिसमें झूठा दावा किया गया कि कोर्ट ने प्रदीप कुमार के खिलाफ फैसला सुनाते हुए 16 बीघा, 11 बीघा और 9 बीघा जमीन विरोधी पक्ष को देने का आदेश दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य शिकायतकर्ता के परिवार पर मानसिक व आर्थिक दबाव बनाना तथा उन्हें सामाजिक रूप से बदनाम करना है।

शिकायत के अनुसार पूर्व में थाना कंडाघाट में दर्ज एक मामले को निपटाने के लिए संदीप कुमार और प्रदीप कुमार के बीच एक लिखित डीड हुई थी, जिसके विश्वास के आधार पर सीमित उद्देश्य के लिए जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी  निष्पादित की गई थी। आरोप है कि संदीप कुमार ने स्वयं एस.पी. सोलन को पत्र लिखकर समझौता तोड़ने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद उसी जीपीए का अनुचित उपयोग करते हुए राजगढ़ स्थित लगभग 61.02 बीघा जमीन अपने बेटे वंश लूथरा के नाम सेल डीड के जरिए ट्रांसफर कर दी। इसके अलावा सुन्नी में 3 बीघा जमीन को लेकर भी विवाद पैदा किया गया। शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि सेल डीड में वंश लूथरा के नाम से लगभग 79 लाख रुपए के बड़े ऑनलाइन भुगतान दिखाए गए हैं, जबकि उस समय वह नाबालिग था। प्रदीप कुमार ने इन वित्तीय लेन-देन की वास्तविकता और धन के स्रोत की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

प्रताड़ना के इस क्रम में एक ही भूमि विवाद और समान तथ्यों को लेकर पंजाब के मोहाली और सोलन के कंडाघाट में 2 अलग-अलग एफआईआर दर्ज करवाई गई, ताकि पीड़ित को कानूनी और आर्थिक रूप से तोड़ा जा सके। शिकायत में यह भी आरोप है कि संदीप के इशारे पर उसके कार्यालय कर्मी लवप्रीत ने शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकियां दी। पीड़ित की पत्नी द्वारा पूर्व में एसपी सोलन और डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों को ई-मेल व दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायतें दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी आपराधिक कार्रवाई नहीं हुई। अंततः अब एसएसपी शिमला से सभी उपलब्ध दस्तावेजों और इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल मुकद्दमा दर्ज करने की सख्त मांग की गई है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News