Kangra News: थुरल कॉलेज के पास भयानक हादसा, कार-बाइक की भीषण टक्कर में युवक की मौत
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 10:30 PM (IST)
थुरल (जम्वाल): कांगड़ा जिले के अंतर्गत आते थुरल महाविद्यालय के समीप शुक्रवार शाम एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। पालमपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर एक कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतक युवक लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था, जिसकी पहचान रजत कुमार पुत्र सतीश कुमार निवासी गांव साई भ्रांता के रूप में की गई है, जबकि दूसरा घायल युवक कपिल पटवाग के लिंजन गांव का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए दोनों युवक बाइक पर सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रजत की टांग में बेहद गंभीर चोटें आईं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रैफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान रजत ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक रजत कुमार लोक निर्माण विभाग थुरल में मल्टी टास्क वर्कर के रूप में कार्यरत था। वहीं हादसे में घायल दूसरे युवक कपिल को इलाज के लिए स्थानीय थुरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के गांव और परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक बाइक की जिस कार से टक्कर हुई है, उसके चालक की पहचान अजीत कुमार शर्मा निवासी अणु चौकी व जिला हमीरपुर के रूप में की गई है। वहीं स्थानीय पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

