Kangra: जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर कंट्रोल से बाहर हुई बाइक...पेड़ से टकराई, युवक की मौत, 2 घायल
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 04:06 PM (IST)
रैहन/कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर रैहन में स्कूल खेल मैदान के समीप सोमवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान अमन गुलेरिया के रूप में हुई है। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इस दुर्घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि हादसे के तुरंत बाद इन युवकों को कोई चिकित्सीय मदद नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार सोमवार रात जब बाइक पेड़ से टकराई तो टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक छिटक कर सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरे। अंधेरा होने के कारण सड़क से गुजर रहे किसी भी राहगीर को इस हादसे की भनक तक नहीं लगी। घायल अवस्था में तीनों युवक घंटों तक झाड़ियों में ही पड़े रहे।
मंगलवार सुबह जब किसी तरह इस हादसे की सूचना पुलिस को मिली, तब जाकर रैस्क्यू शुरू हो सका। पुलिस की टीम ने झाड़ियों में पड़े तीनों घायलों को बाहर निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल रैहन पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने अमन गुलेरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो युवकों की हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है। माना जा रहा है कि यदि समय रहते रात को ही हादसे का पता चल जाता तो शायद स्थिति कुछ और हो सकती थी।
इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक सवार युवक रात के समय कहां जा रहे थे। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

